home page

अक्षय तृतीया पर मां अन्नापूर्णा को अर्पित हुआ धान, समृद्धि की कामना

 | 
अक्षय तृतीया पर मां अन्नापूर्णा को अर्पित हुआ धान, समृद्धि की कामना


धमतरी, 19 अप्रैल (हि.स.)। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार को जिले के ग्रामीण अंचलों में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। किसानों ने सुबह-सुबह देवी अन्नपूर्णा की विधिवत पूजा-अर्चना कर धान अर्पित किया और अच्छी बारिश व भरपूर फसल की कामना की। यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है, जिसमें प्रकृति और अन्न के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जाती है।

ग्रामीणों ने परसा पेड़ के पत्तों से दोना तैयार कर उसमें धान रखकर देवी को अर्पित किया। इसके साथ ही खेतों में प्रतीकात्मक रूप से पांच कुंवारे लड़कों द्वारा हल चलाकर जोताई की गई और धान के बीजों का छिड़काव किया गया। यह परंपरा कृषि चक्र की शुभ शुरुआत मानी जाती है। किसानों का विश्वास है कि इस दिन किए गए कर्म से पूरे वर्ष भर खेतों में समृद्धि बनी रहती है।

कार्यक्रम के दौरान सात प्रकार के बीजों से प्रसाद तैयार कर गांव के लोगों में वितरित किया गया। ठाकुर देव की भी पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजा की गई। पूरे गांव में उत्सव का माहौल रहा, जहां लोगों ने अपने दैनिक कार्यों को विराम देकर त्योहार को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। ग्राम के सरपंच होमेश्वर साहू ने कहा कि अक्ती का पर्व कृषि और समृद्धि का प्रतीक है। यह दिन किसानों के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि वे प्रकृति और देवी अन्नपूर्णा से भरपूर उत्पादन की कामना करते हैं। उन्होंने सभी ग्रामीणों को इस परंपरा को बनाए रखने और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जतिन साहू, उपसरपंच ओमप्रकाश साहू, तेजश्वर साहू, राजाभूमेश साहू, भुवन लाल साहू, ग्राम पटेल राजकुमार ध्रुव, बैगा मेंग राम सिन्हा, कुशल साहू, वासु साहू, भिखम साहू, लोकेश साहू, वीरेन्द्र ध्रुव और फागु राम भंडारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा