home page

दो लाख युवाओं और नव-मतदाताओं को भाजपा से जोड़ने का लक्ष्य : राहुल टिकरिहा

 | 
दो लाख युवाओं और नव-मतदाताओं को भाजपा से जोड़ने का लक्ष्य : राहुल टिकरिहा


ज्वॉइन बीजेवायएम सदस्यता अभियान चला कर युवाओं को जोड़ा जा रहा है : राहुल टिकरिहा

रायपुर 30 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि प्रदेश में दो लाख युवाओं और नव-मतदाताओं को भारतीय जनता पार्टी तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा की विचारधारा से जोड़ने के उद्देश्य से आठ वर्षों बाद पुनः ज्वॉइन बीजेवायएम सदस्यता अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 23 जुलाई से 20 सितंबर तक चलेगा और इसके माध्यम से प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर युवाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

रायपुर स्थित भाजपा के एकात्म परिसर कार्यालय में आज गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में टिकरिहा ने कहा कि अभियान का शुभारंभ दंतेवाड़ा जिले के बचेली मंडल में मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर किया गया। उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग से अभियान की शुरुआत इसलिए की गई क्योंकि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में विकास का नया वातावरण बना है। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के सतत प्रयासों से प्रदेश में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और बस्तर के संवेदनशील क्षेत्रों में अब संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार संभव हुआ है।

टिकरिहा ने बताया कि दंतेवाड़ा के बचेली, बीजापुर के भोपालपटनम, सुकमा के दोरनापाल तथा नारायणपुर जिले के ओरछा जैसे पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी सदस्यता अभियान चलाकर युवाओं को भाजपा की रीति-नीति और विचारधारा से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले शासन-प्रशासन की पहुंच सीमित थी, वहां अब युवा मोर्चा सक्रिय रूप से पहुंचकर युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजयुमो का सदस्यता अभियान पूरी तरह निःशुल्क है। इसके विपरीत कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदस्यता अभियान के नाम पर प्रत्येक सदस्य से 75 रुपये शुल्क लेकर सदस्य बना रही है, जबकि भाजयुमो बिना किसी शुल्क के युवाओं को संगठन से जोड़ रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सदस्यता अभियान ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी संचालित किया जा रहा है। इच्छुक युवा www.joinbjymcg.com के माध्यम से सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इसके साथ ही रेफरल कोड की व्यवस्था भी की गई है, जिससे यह पता चलता है कि किस कार्यकर्ता ने कितने नए सदस्यों को संगठन से जोड़ा है। उन्होंने बताया कि सदस्यता लेने के बाद ऑनलाइन प्रमाण पत्र भी तत्काल उपलब्ध कराया जा रहा है।

टिकरिहा ने जानकारी दी कि अभियान के पहले सात दिनों में 18,846 लोगों ने सदस्यता ग्रहण कर अपना प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग के सातों जिलों में सभाओं और संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं नव-मतदाताओं को जोड़ा गया है और अभियान को लगातार विस्तार दिया जा रहा है।

उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 5 अगस्त को सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 अगस्त को महासमुंद, 7 अगस्त को गरियाबंद, 8 अगस्त को सरगुजा तथा 9 से 14 अगस्त तक सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों में सदस्यता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि अभियान के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप दो लाख युवाओं और नव-मतदाताओं को भाजपा एवं भाजयुमो से जोड़ा जाएगा।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक राहुल राय, भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा, रायपुर शहर जिलाध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी तथा रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष पिंटू साहू उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल