home page

एआई मिशन, एआई संगवारी व प्रोजेक्ट आंगन लक्ष्मी का शुभारंभ

 | 
एआई मिशन, एआई संगवारी व प्रोजेक्ट आंगन लक्ष्मी का शुभारंभ


धमतरी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। बैठक में केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के जिले में क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

सांसद चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण जवाबदेही, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों से लेकर दूरस्थ वनांचलों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना तथा लोगों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। वहीं दूरस्थ क्षेत्रों में पीएम आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने कहा है। बैठक में केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति से सांसद को अवगत कराया। वहीं जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय गतिविधियों, नवाचारों और योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी दी।

बैठक के दौरान सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जिले में नवाचार और जनसेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से धमतरी एआई मिशन का औपचारिक शुभारंभ किया। साथ ही अस्पताल में मरीजों को चिकित्सक तक पहुंचने से पहले ओपीडी संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एआई संगवारी पहल की शुरुआत की गई। महिलाओं को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘प्रोजेक्ट आंगन लक्ष्मी’ का शुभारंभ भी किया गया। बैठक में धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अम्बिका मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, नगर निगम महापौर रामू रोहरा, विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा