बलरामपुर : एग्रीस्टेक पंजीयन की धीमी प्रगति पर कलेक्टर नाराज, शत-प्रतिशत पंजीयन के दिए निर्देश
बलरामपुर, 16 जुलाई (हि.स.)।अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय कुसमी के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने एग्रीस्टेक योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में, आज गुरुवार एग्रीस्टेक पंजीयन की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में विकासखंड कुसमी के सभी पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, लोक सेवा केंद्र संचालक और संबंधित विभागों के अधिकारियों से एग्रीस्टेक पंजीयन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। इस दौरान एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो, तहसीलदार रॉकी एक्का और जनपद सीईओ संजय दुबे भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि एग्रीस्टेक पंजीयन किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं और धान खरीदी व्यवस्था से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक पात्र किसान का पंजीयन निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आगामी खरीफ विपणन वर्ष में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां अभी से पूरी कर ली जाएं।
कलेक्टर ने पटवारियों, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों और अन्य संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करें। किसानों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनें और मौके पर ही एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने लोक सेवा केंद्र संचालकों को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान कई क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा होना चाहिए और इसका असर केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पटवारी अपने क्षेत्र के ऐसे किसानों की सूची तैयार करे, जिनका अब तक पंजीयन नहीं हुआ है। उनसे व्यक्तिगत संपर्क कर शीघ्र पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी किसान को दस्तावेज या अन्य किसी कारण से परेशानी हो रही है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

