बारिश के बाद बस्तर का प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात गर्जना के साथ रौद्र रूप में
जगदलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। बस्तर संभाग में बारिश के कारण जहां जलभराव की स्थिति बनी हुई है, वहीं नदी-नालों और जलप्रपातों में भी पानी का बहाव बढ़ गया है। इसी बीच बस्तर का प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात बारिश के बाद रौद्र रूप में नजर आ रहा है। लगातार हो रही बारिश के चलते चित्रकोट जलप्रपात में पानी की आवक बढ़ गई है। जलप्रपात से गिरते पानी की गर्जना दूर तक सुनाई दे रही है। बारिश के कारण चित्रकोट का नजारा और भी आकर्षक हो गया है। जलप्रपात का यह दृश्य पर्यटकों के लिए खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इंद्रावती नदी पर स्थित चित्रकोट जलप्रपात को छत्तीसगढ़ का 'नियाग्रा फॉल' भी कहा जाता है। बारिश के मौसम में यहां पानी का प्रवाह बढ़ने के साथ जलप्रपात का स्वरूप काफी भव्य हो जाता है। इस समय लगातार बारिश होने से जलप्रपात में पानी की मात्रा बढ़ी है और कई धाराएं एक साथ नीचे गिरती नजर आ रही हैं। चित्रकोट जलप्रपात की खूबसूरती देखने के लिए हर साल छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के साथ ही देश के अन्य हिस्सों से भी पर्यटक पहुंचते हैं। मानसून के दौरान यहां का नजारा विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहता है।
बारिश के बीच पूरे शबाब पर पहुंचे चित्रकोट जलप्रपात का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में जलप्रपात से तेज रफ्तार के साथ नीचे गिरता पानी और चारों तरफ दिखाई दे रही हरियाली नजर आ रही है। बारिश के कारण आसपास का प्राकृतिक वातावरण भी बेहद मनमोहक दिखाई दे रहा है। हालांकि लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे में पर्यटकों को जलप्रपात और आसपास के इलाकों में सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश का दौर थमने के बाद चित्रकोट पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

