कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगाेपाल अग्रवाल कोल लेवी घोटाले के बाद अब आबकारी घोटाला मामले में गिरफ्तार, तीन दिन की पुलिस रिमांड
रायपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। कोल लेवी घोटाले में गिरफ्तार कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगाेपाल अग्रवाल काे अब आबकारी घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने गिरफ्तार किया है।
कोल लेवी घोटाले में पहले से गिरफ्तार रामगोपाल अग्रवाल की 14 दिन की रिमांड पूरी होने के बाद आज बुधवार काे उन्हें एसीबी/ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि ईओडब्ल्यू ने आबकारी घोटाले में पूछताछ के लिए रामगोपाल अग्रवाल की 5 दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी। मामले की सुनवाई के बाद विशेष अदालत ने ईओडब्ल्यू को 3 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है। अब ईओडब्ल्यू 25 जुलाई तक रामगोपाल अग्रवाल से आबकारी घोटाले से जुड़े मामले में पूछताछ करेगी।
बताया जा रहा है कि रामगोपाल अग्रवाल को कोल लेवी घोटाले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी मामले में उनकी 14 दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था। इसके बाद ईओडब्ल्यू ने आबकारी घोटाले में उनकी गिरफ्तारी की और पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की। अब जांच एजेंसी तीन दिनों तक रामगोपाल अग्रवाल से आबकारी घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी।
गाैरतलब हाे कि रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ के बाद आबकारी घोटाले में कई और नए तथ्य सामने आ सकते हैं। मंगलवार को ईओडब्ल्यू ने उन्हें केंद्रीय जेल लेकर गई थी, जहां पहले से न्यायिक हिरासत में बंद शराब घोटाले के आरोपित अनवर ढेबर के सामने बैठाकर पूछताछ की गई थी। इसके अलावा अकाउंटेंट देवेंद्र डडसेना को भी आमने-सामने बैठाकर करीब तीन घंटे तक पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए थे। बताया जा रहा है कि ईओडब्ल्यू अब इस मामले में सूर्यकांत तिवारी समेत तीन अन्य आरोपिताें को भी रामगोपाल अग्रवाल के सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

