सूरजपुर : डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित, 31 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
सूरजपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने वर्ष 2026 के डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार के लिए पात्र किसानों से आज सोमवार को आवेदन आमंत्रित किए हैं। कृषि क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले किसानों को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
विभाग के अनुसार इच्छुक एवं पात्र किसान 31 जुलाई तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इस पुरस्कार का उद्देश्य आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना, कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित कर अन्य किसानों को उन्नत खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
पुरस्कार के लिए आवेदन पत्र एवं विस्तृत जानकारी विकासखंड स्तर पर स्थित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त की जा सकती है। विभाग ने सभी पात्र किसानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

