home page

जांगला धान खरीद केंद्रों में हुए करोड़ों के भ्रष्टाचार का प्रशासन करे निष्पक्ष जांच : सीपीआई

 | 
जांगला धान खरीद केंद्रों में हुए करोड़ों के भ्रष्टाचार का प्रशासन करे निष्पक्ष जांच : सीपीआई


बीजापुर, 16 नवंबर (हि.स.)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव कामरेड कमलेश झाड़ी ने साेमवार काे बयान जारी कर बीजापुर जिले के धान खरीद केंद्रों में हुए भारी गड़बड़ी और खुला भ्रष्टाचार के मामले को लेकर प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है।

उन्हाेंने कहा कि किसान मज़दूर जनविरोधी भाजपा सरकार में बीजापुर जिले के धान खरीद केंद्रों में किसानों के खातों से भारी मात्रा में धान खरीद और फर्जी तरीके से बड़े पैमाने पर पैसों का हेरा फेरी की है। जहां मात्र एक ही धान खरीद केंद्र जांगला परिक्षेत्र में 1.58 करोड़ का मामला सामने आया है। यहां तक कि कई मृतक किसानों के खातों से भी पैसों का बड़ी मात्रा में हेरा-फेरी किया गया है।

इसी तरह संपूर्ण जिले में जांच उपरांत करोड़ो का मामला उजागर हो सकता है। वहीं सीपीआई नेता कमलेश झाड़ी ने मौजूदा सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि संपूर्ण जिले के धान खरीदी केंद्रों में किसानों को गुमराह कर करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया है। जिसमें धान खरीद केंद्रों के कर्मचारि व ग्रामीण सहकारी बैंक की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला परिषद् बीजापुर जिला प्रशासन से मांग करती है कि संपूर्ण जिले भर में विगत पांच वर्षों से हुए धान की खरीद और सहकारी बैंक के सभी खातों की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। अन्यथा आनेवाले दिनों में सीपीआई जिला परिषद् बीजापुर इस मामले को लेकर आंदोलन करेगी जिसकी संपूर्ण जवाबदारी प्रशासन की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे