हाईवे पर मवेशियों का जमावड़ा रोकने प्रशासन ने किया रैपिड रिस्पांस टीम गठित
कांकेर, 20 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय एवं स्टेट हाईवे पर बैठे और घूमते मवेशियों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर पशु चिकित्सा विभाग ने कांकेर जिले के सभी सात विकासखंडों में रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया है। जिले के कांकेर, चारामा, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़, दुर्गूकोंदल और कोयलीबेड़ा विकासखंडों में गठित टीमों को सड़क पर घूमने वाले पशुओं को तत्काल सुरक्षित हटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
टीम में नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी और सहयोगी कर्मचारियों को शामिल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, सड़क पर मवेशियों के बैठे होने या घूमने की सूचना मिलते ही टीम को तत्काल कार्रवाई करनी होगी। साथ ही पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय और स्टेट हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। अचानक सड़क पर आने वाले पशुओं के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में रैपिड रिस्पांस टीम का गठन सड़क सुरक्षा की दिशा में प्रशासनिक पहल माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

