home page

लगातार बारिश पर प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर ने रद्द की सभी बैठकें, अधिकारियों को फील्ड में डटे रहने के निर्देश

 | 
लगातार बारिश पर प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर ने रद्द की सभी बैठकें, अधिकारियों को फील्ड में डटे रहने के निर्देश


बिलासपुर 17 जुलाई (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और कई क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आपात स्थिति को प्राथमिकता देते हुए आज शुक्रवार को होने वाली सभी निर्धारित बैठकें निरस्त कर दीं और सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर हालात की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि कई स्थानों से 3 से 4 फीट तक पानी भरने की सूचना प्राप्त हो रही है। ऐसे क्षेत्रों में लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। नगर निगम और जनपद पंचायत के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लें। उन्होंने संबंधित वर्क्स विभाग के अधिकारियों को सड़क, नदी और नालों की स्थिति का निरीक्षण करने तथा पानी के बहाव का आकलन करने के निर्देश दिए। जहां बैरिकेडिंग अथवा अन्य स्थानीय व्यवस्थाओं की आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए सभी अधिकारी जरूरतमंद लोगों के संपर्क में रहें और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करें। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से भी लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल