अपर मुख्य सचिव ने किया चोटिया हाथी नियंत्रण केंद्र का निरीक्षण, मानव-हाथी द्वंद्व रोकने सतर्क निगरानी के निर्देश
कोरबा, 30 जुलाई (हि. स.)। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुवा ने गुरुवार को कोरबा जिले के हाथी नियंत्रण केंद्र चोटिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में हाथियों की निगरानी व्यवस्था, हाथियों के विचरण मार्ग और मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुवा ने हाथी मित्र दल के सदस्यों के साथ क्षेत्र में गश्त की और हाथियों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं हाथी मित्र दल के सदस्यों से चर्चा करते हुए कहा कि मानव-हाथी द्वंद्व की घटनाओं को रोकने के लिए हाथियों की लगातार निगरानी, समय पर सूचना का आदान-प्रदान और ग्रामीणों को तत्काल सतर्क करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा हाथी प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से वन विभाग और ग्रामीण मिलकर संभावित घटनाओं को रोकने में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
अपर मुख्य सचिव ने हाथी मित्र दल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वन विभाग और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर तालमेल बनाने में हाथी मित्र दल की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने दल के सदस्यों को पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
रात्रिकालीन गश्त और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से निरीक्षण के दौरान हाथी मित्र दल के सदस्यों को टॉर्च और पानी की बोतलों का वितरण भी किया गया। इससे रात के समय जंगल क्षेत्र में निगरानी कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान कटघोरा वनमंडल अधिकारी (डीएफओ) कुमार निशांत सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

