home page

गंदगी फैलाने वालों की खैर नहीं, निगम ने 16 लोगों से वसूला जुर्माना

 | 
गंदगी फैलाने वालों की खैर नहीं, निगम ने 16 लोगों से वसूला जुर्माना


बस स्टैंड व सिहावा चौक में गंदगी फैलाने वालों पर की गई कार्रवाई

धमतरी, 30 अप्रैल (हि.स.)। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम ने सख्ती का रुख अपनाते हुए बस स्टैंड और सिहावा चौक क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। हाल ही में निगम की टीम ने विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वाले 16 लोगों पर कुल 2900 रुपये का जुर्माना लगाया। इस कार्रवाई से जहां नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया, वहीं आम नागरिकों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश भी गया है।

निगम टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि कई लोग खुले में कचरा फेंक रहे थे और स्वच्छता नियमों की अनदेखी कर रहे थे। इससे न केवल आसपास का वातावरण दूषित हो रहा था, बल्कि राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों पर अर्थदंड लगाया और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहरभर में लगातार जारी रहेगा। खासकर उन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां बार-बार गंदगी फैलाने की शिकायतें मिल रही हैं। निगम का स्पष्ट संदेश है कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

शहर के नए बस स्टैंड क्षेत्र की स्थिति खराब है। यहां कई दुकानदार अपनी दुकानों का कचरा नालियों में बहा देते हैं, जिससे नालियां जाम हो जाती हैं और गंदगी फैलती है। इससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है और बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है। निगम ने ऐसे दुकानदारों को विशेष रूप से चेतावनी दी है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की इस पहल को शहरवासियों द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। लोगों का मानना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित होगा, बल्कि शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने की दिशा में ठोस परिणाम भी देखने को मिलेंगे। कार्रवाई के दौरान श्यामू सोना, दीपचंद, गोविंद पात्रे सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।स्वच्छता समन्वयक शशांक मिश्रा ने कहा कि शहर में गंदगी फैलाना पूरी तरह अनुचित है और इससे कई प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करें और अपने आसपास सफाई रखें। उनका कहना है कि स्वच्छ शहर की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है। स्वच्छता को लेकर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा