home page

कोरबा में साइबर अपराध पर सख्ती: ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान तेज

 | 
कोरबा में साइबर अपराध पर सख्ती: ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान तेज


कोरबा, 28 अप्रैल (हि. स.)। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए कोरबा पुलिस ने ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत व्यापक जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में थाना और चौकी स्तर पर लगातार कार्रवाई और जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को साइबर ठगी से बचाया जा सके और घटनाओं पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करें या नजदीकी थाना अथवा साइबर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि जितनी जल्दी शिकायत दर्ज की जाती है, ठगी गई राशि को होल्ड या वापस कराने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है। देर होने पर पैसा विभिन्न खातों में ट्रांसफर हो जाता है, जिससे रिकवरी मुश्किल हो जाती है।

साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर पुलिस थाना द्वारा मोबाइल संचालकों और बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इन बैठकों का उद्देश्य संदिग्ध लेन-देन पर नजर रखना और साइबर ठगी की घटनाओं को समय रहते रोकना है।

पुलिस ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि वे किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। खासतौर पर अपना ओटीपी , बैंक डिटेल या यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें, क्योंकि इसी माध्यम से अधिकांश साइबर ठगी की घटनाएं होती हैं।

इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति या जानकारी के लिए नागरिक कंट्रोल रूम कोरबा के नंबर 9479193399 पर भी संपर्क कर सकते हैं। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में सुरक्षित और सतर्क माहौल सुनिश्चित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी