home page

उपचार के लिए अस्पताल लाया गया तस्कर आराेपित फरार, पुलिस तलाश में जुटी

 | 

महासमुंद, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिला जेल में नशीली टैबलेट तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपित आज गुरुवार सुबह मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल से फरार हो गया। संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की जा रही है। मामले में सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, सरायपाली पुलिस ने बुधवार को ओडिशा से नशीली टैबलेट की तस्करी के आरोप में 20 वर्षीय दिनेश सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था। बाद में तबीयत बिगड़ने की शिकायत पर सरायपाली में प्राथमिक उपचार के बाद उसे महासमुंद के जिला अस्पताल रेफर किया गया।

उसे पेट के दाहिने हिस्से में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत के बाद इलाज के लिए लाया गया था। आरोपित की निगरानी में दो पुलिस जवान तैनात थे, लेकिन गुरुवार सुबह वह अस्पताल से निकलने में कामयाब हो गया। घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश के साथ अभिरक्षा में हुई चूक की जांच कर रही है।

अस्पताल में आरोपित की निगरानी के लिए पुलिस जवान खोमनलाल साहू और रामचरण यादव तैनात थे। बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच एक जवान बाथरूम गया था, जबकि दूसरा डॉक्टर के काम में व्यस्त था। इसी दौरान दिनेश वहां से फरार हो गया।

बताया गया है कि आरोपित के पैर में रॉड लगी हुई थी। इसके बावजूद वह निगरानी से बचकर कैसे निकला, इसकी जांच की जा रही है। आरोपित को हथकड़ी लगाई गई थी या नहीं और फरारी के वक्त सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, यह भी जांच के अहम बिंदु हैं।

पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपित के निकलने के रास्ते और फरारी से जुड़े घटनाक्रम का पता चल सके। आसपास के संभावित ठिकानों पर भी उसकी तलाश की जा रही है। मामले में सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।

एडिशनल एसपी सुनील कुमार नायक ने बताया कि आरोपित अलसुबह अस्पताल से फरार हुआ। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल