37.4 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ आराेपित गिरफ्तार
बीजापुर, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले के थाना आवापल्ली क्षेत्र में अवैध शराब के विक्रय और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना आवापल्ली पुलिस ने अवैध रूप से शराब रखने के मामले में आरोपित प्रदीप साहू काे गिरफ्तार कर, उसके कब्जे से कुल 37 लीटर 400 मिलीलीटर शराब बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार काे थाना आवापल्ली पुलिस को अवैध शराब के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने आवापल्ली शराब दुकान के पास स्थित एक दुकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान में अवैध रूप से रखी गई अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रदीप साहू (37 वर्ष), निवासी स्कूल पारा, आवापल्ली को शराब के अवैध भंडारण के मामले में पकड़ा। मामले में आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत थाना आवापल्ली में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

