home page

कर्री जंगल में ताश के पत्तों से जुआ खेलते आरोपित पर पुलिस की कार्रवाई, एक और गिरफ्तार

 | 
कर्री जंगल में ताश के पत्तों से जुआ खेलते आरोपित पर पुलिस की कार्रवाई, एक और गिरफ्तार


बलरामपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र की बलंगी चौकी पुलिस ने ताश के पत्तों से रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान राजेश कुमार गुर्जर, उम्र 36 वर्ष, निवासी आसनडीह, थाना रघुनाथनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आज गुरुवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया।

बलरामपुर पुलिस के द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 18 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कर्री जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगाकर कटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर बलंगी चौकी पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी थी। पुलिस को मौके पर देखकर कुछ जुआरी भागने लगे, जबकि दो जुआरियों को पुलिस ने पकड़ लिया था।

पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपिताें ने अपने अन्य साथियों के साथ जुआ खेलना स्वीकार किया था। मामले में पूर्व में कुल चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है। वहीं प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए बलंगी चौकी प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर रवाना की गई थी।

लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने 13 अगस्त 2026 को फरार आरोपित राजेश कुमार गुर्जर को बलंगी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया तथा पुलिस को आता देखकर अपने साथियों के साथ भाग जाने की बात भी बताई।

आरोपित के विरुद्ध अपराध क्रमांक 56/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को आज गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय