विवाह का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार
कांकेर, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने विवाह का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आज साेमवार काे गिरफ्तार कर कार्रवाई उपरांत आरोपित ईश्वर सिंह गोटा को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई को पीडि़ता ने थाना सिटी कोतवाली कांकेर में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम कोलियारी निवासी ईश्वर सिंह गोटा (27 वर्ष) ने वर्ष 2020 में प्रेम संबंध स्थापित कर विवाह का वादा किया। पीड़िता का आरोप है कि इसी भरोसे में रखकर जनवरी 2021 से 13 जुलाई 2026 तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपित ने विवाह से इंकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 248/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 69 एवं 351(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया और विवेचना शुरू की गई।
कांकेर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र साहू के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित की तलाश शुरू की। ग्राम कोलियारी में घेराबंदी कर आरोपित ईश्वर सिंह गोटा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय कांकेर में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र साहू, उपनिरीक्षक भुनेश्वरी भगत, पीएसआई प्रज्ञा पैकरा, प्रधान आरक्षक शिव बेसरे तथा अन्य पुलिस कर्मियों का याेगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

