एकलव्य स्टेडियम के पास चिट्टा बेचने ग्राहक तलाश रहा आरोपित गिरफ्तार
धमतरी, 25 सितंबर (हि.स.)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने एकलव्य स्टेडियम के पास चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक आरोपित को आज शुक्रवार काे गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 3.08 ग्राम चिट्टा, जिसकी अनुमानित कीमत 61,600 रुपये है, तथा करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद कर कुल 71,600 रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एकलव्य खेल मैदान स्टेडियम के पास मादक पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर पीएसआई संदीप अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ा। विधिवत तलाशी में उसके पास से चिट्टा और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान विवेक नरसिंग दानी (33), निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है। मामले में सिटी कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा में प्रकरण दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

