home page

सेमरा-रिंगनी पुल निर्माण में तेजी: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जल्द आवागमन शुरू कराने के दिए निर्देश

 | 
सेमरा-रिंगनी पुल निर्माण में तेजी: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जल्द आवागमन शुरू कराने के दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा, 14 जुलाई (हि.स.)। जांजगीर-चांपा जिले में निर्माणाधीन सेमरा-रिंगनी पुल के कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को शेष सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्माणाधीन पुल के डेक सहित विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसी से अब तक पूर्ण हुए कार्यों तथा शेष निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल निर्माण में किसी भी प्रकार की गुणवत्ता से समझौता न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए पर्याप्त संसाधन, मशीनरी और आवश्यक मानवबल लगाया जाए। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण जल्द पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और बचा हुआ कार्य शीघ्र पूरा कर पुल को आम नागरिकों के आवागमन के लिए जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास और लोगों की दैनिक आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता ऐश्वर्य वर्मा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT