home page

एबीवीपी बलरामपुर के कार्यकर्ताओं एवं छात्राओं ने पुलिस जवानों को बांधी राखी

 | 
एबीवीपी बलरामपुर के कार्यकर्ताओं एवं छात्राओं ने पुलिस जवानों को बांधी राखी


बलरामपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) बलरामपुर इकाई रामानुजगंज की छात्रा कार्यकर्ताओं ने थाना रामानुजगंज पहुंचकर पुलिस जवानों को राखी बांधी। आज गुरुवार को छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उनके सेवा, साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इस दौरान छात्रा कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस जवान अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। त्योहारों के दौरान भी पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर उनके साथ भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता साझा करना उनके लिए सम्मान की बात है।

अभाविप छात्रा कार्यकर्ता श्रेया सोनी ने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं है, बल्कि समाज की सुरक्षा में योगदान देने वाले जवानों के प्रति सम्मान, विश्वास और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी माध्यम है। पुलिस जवानों का समाज की शांति और सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की। इस अवसर पर अभाविप कार्यकर्ता आकांक्षा गुप्ता, जागृति, सरिता, साक्षी, सोनम, रिया, मंजू, ललिता, लक्ष्मी सिंह सहित अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय