गांजा तस्करी का फरार एक आरोपित गिरफ्तार, 447 किलो गांजा हुआ था बरामद
कांकेर, 08 नवंबर (हि.स.)। जिले में दाे करोड़ 23 लाख रुपये का 447 किलो गांजा तस्करी कर ले जा रहे हरियाणा के आरोपित को पुलिस ने उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर आज रविवार काे कांकेर लाया गया है।
आरोपित पुलिस की जांच से बचने के लिए फॉर्च्यूनर कार में ओडिशा, महाराष्ट्र और हरियाणा की 06 अलग-अलग फर्जी नंबर प्लेट रखता था। पुलिस ने 300 से ज्यादा सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगालकर उसे पकड़ लिया। आरोपी गांजा ओडिशा से खरीदकर हरियाणा ले जाने की तैयारी में था। पुलिस ने उसके पास से गांजा, कार, 06 फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 02 करोड़ 48 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
कांकेर पुलिस के अनुसार 04 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फॉर्च्यूनर कार में गांजा भरकर ओडिशा से केशकाल के रास्ते कांकेर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गढ़पिछवाड़ी चौक बायपास रोड पर नाकेबंदी की। करीब एक घंटे बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने तेज रफ्तार से गाड़ी भगाई और घेराबंदी तोड़कर कांकेर शहर की ओर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने माकड़ी पुलिया और ज्ञानी चौक पर भी नाकेबंदी की। शहर की गलियों और आस-पास के इलाकों में तलाश शुरू की गई। पुलिस की नाकेबंदी की वजह से तस्कर सुनसान जगह देखकर गांजे के पैकेट फेंककर फरार हो गए। इसी दौरान ग्राम सिंगारभाट के राइस मिलपारा में शिव मंदिर के पास जंगल-पहाड़ी इलाके में भूरे टेप से लिपटे पैकेट मिले। पुलिस ने गवाहों के सामने इनकी गिनती और तौल कराई। कुल 90 पैकेट में 447.720 किलो गांजा मिला।
कार चालक पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भागने के बाद लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। वह मोबाइल भी बंद कर देता था। इसके बाद पुलिस और साइबर सेल की टीम ने 300 से ज्यादा सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाले। टोल नाकों, पेट्रोल पंपों और मुख्य चौराहों पर लगे कैमरों की भी जांच की गई। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपित सुखपाल उर्फ सुक्खा (30) निवासी हरियाणा को उत्तर प्रदेश से पकड़ लिया।
एडिशनल एसपी योगेश साहू ने रविवार काे बताया कि पुलिस ने सायबर टीम की मदद से आरोपित की पता तलाशी कर आरोपित को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से गांजा तस्करी में इस्तेमाल किया जाने वाला हरियाणा पासिंग वाहन को भी जब्त किया गया है। जिसमें पुलिस को अलग-अलग नम्बर प्लेट भी मिले हैं। जिसे आरोपित पुलिस को चकमा देने के लिए इस्तेमाल किया करता था। इस पूरे मामले में जांच आगे भी जारी है, फिलहाल एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। इसके पीछे और कौन-कौन लोग हैं उनकी तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

