home page

शराब के लिए पैसे मांगकर युवक से मारपीट करने वाला फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
शराब के लिए पैसे मांगकर युवक से मारपीट करने वाला फरार आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 25 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना पुलिस ने शराब पीने के लिए रुपये मांगकर युवक से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

आरोपित के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसे गुंडा बदमाश सूची में शामिल करने के लिए भी प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, आरोपित की पहचान सागर ओग्रे (29 वर्ष), निवासी ग्राम रसेडा के रूप में हुई है। आरोपित के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मामला 18 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे का है। प्रार्थी जितेश कुमार नेताम ने अकलतरा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ग्राम में संजय साहू की दुकान के सामने अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपित सागर ओग्रे वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए उससे रुपए मांगने लगा। जब प्रार्थी ने इनकार किया तो आरोपित ने उसकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

आरोपित ने इस दौरान प्रार्थी को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर अकलतरा थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 279/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 119(1) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

घटना के बाद आरोपित लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 25 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अकलतरा पुलिस ने ग्राम रसेडा में दबिश देकर आरोपित सागर ओग्रे को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित के पूर्व आपराधिक मामलों को देखते हुए उसके खिलाफ धारा 129 बीएनएसएस के तहत गुंडा बदमाश सूची में शामिल करने के लिए प्रतिवेदन तैयार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस पूरी कार्रवाई में अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT