करुण्य कार्यक्रम के तहत मरीजों के घर पहुंच रही आयुष विभाग की टीम, दे रही निशुल्क दवाएं
सूरजपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जरूरतमंद मरीजों को घर पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुष विभाग द्वारा करुण्य कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत रविवार को विभागीय गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रत्येक शनिवार को टीम मरीजों के घर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लेती है। इस दौरान मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ निशुल्क औषधियां भी वितरित की जाती हैं।
कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन और जिला आयुष अधिकारी के नेतृत्व में संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे मरीजों तक प्रशामक देखभाल (पैलिएटिव केयर) सेवाएं पहुंचाना है, जिन्हें स्वास्थ्य संस्थानों तक जाने में परेशानी होती है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयुष विभाग की टीम गृह भ्रमण कर मरीजों की जांच करती है और उनकी जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य संबंधी सलाह व दवाएं उपलब्ध कराती है।
परिजनों को भी दिया जा रहा देखभाल का परामर्श
गृह भ्रमण के दौरान मरीजों के परिवार के सदस्यों को भी उनकी देखभाल से जुड़ी जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाता है। इससे परिजनों को मरीज की जरूरतों को समझने और घर पर देखभाल करने में सहायता मिलती है।
आयुष विभाग की इस पहल से उन मरीजों को विशेष लाभ मिल रहा है, जिन्हें शारीरिक या अन्य कठिनाइयों के कारण स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी होती है। विभाग द्वारा करुण्य कार्यक्रम के अंतर्गत घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

