home page

ई 20 के खिलाफ 17 अगस्त को रायपुर में आआपा का स्टेट लेवल टाउनहॉल, जनता से होगा सीधा संवाद

 | 
ई 20 के खिलाफ 17 अगस्त को रायपुर में आआपा का स्टेट लेवल टाउनहॉल, जनता से होगा सीधा संवाद


रायपुर 16 अगस्त (हि.स.)। ई 20 पेट्रोल से वाहनों को होने वाली समस्याओं और उपभोक्ताओं की चिंताओं को लेकर आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ 17 अगस्त को रायपुर में स्टेट लेवल टाउनहॉल कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी के राष्ट्रीयस्तर पर चल रहे ई 20 विरोधी अभियान के तहत देश के विभिन्न राज्यों में टाउनहॉल आयोजित किए जा रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने रविवार काे बताया कि 17 अगस्त 2026 को दोपहर 3:30 बजे रायपुर के महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज, समता/ चौबे कॉलोनी में यह कार्यक्रम आयोजित होगा। ई 20 पेट्रोल को लेकर वाहन मालिकों, मैकेनिकों और आम उपभोक्ताओं के बीच लगातार सवाल उठ रहे हैं। पार्टी इन सवालों को टाउनहॉल के माध्यम से जनता के बीच उठाएगी और ई20 से जुड़ी समस्याओं, माइलेज में कमी, वाहन के प्रदर्शन और इंजन संबंधी शिकायतों पर उपभोक्ताओं से सीधे संवाद करेगी।

पार्टी नेताओं ने कहा कि ई20को लेकर देशभर में बहस तेज हो रही है। हाल ही में कुछ प्रमुख वाहन कंपनियों से जुड़े आंतरिक ईमेल में ईंधन में क्लोराइड और नमी जैसी समस्याओं को लेकर चिंता सामने आने की रिपोर्ट भी प्रकाशित हुई है, जबकि सरकारी तेल कंपनियों ने ई20 को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बताया है। ऐसे में आम आदमी पार्टी का कहना है कि सरकार को उपभोक्ताओं की शिकायतों को नजरअंदाज करने के बजाय स्वतंत्र और वैज्ञानिक जांच करानी चाहिए।

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने वाहन मालिकों, मैकेनिकों, ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े लोगों और आम नागरिकों से 17 अगस्त के टाउनहॉल में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल