कोरबा: मानिकपुर खदान में 170 फीट नीचे गिरने से मजदूर की मौत, कोयला चोरी के दौरान हुआ हादसा
कोरबा, 05 फरवरी (हि. स.)। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल की मानिकपुर कोयला खदान में एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कोयला चोरी के दौरान वह करीब 170 फीट गहरी खदान में सिर के बल गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक का शव गुरुवार सुबह खदान में पड़ा मिला। मृतक की पहचान कुदारी गांव निवासी भगत कुमार मरावी (42 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह बुधवार दोपहर कोयला चोरी के उद्देश्य से खदान में गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। आज गुरुवार सुबह ग्रामीणों को खदान के भीतर उसका शव दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद शव को खदान से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
परिजनों के अनुसार, भगत कुमार मरावी एक पैर से दिव्यांग था तथा उसे मिर्गी की बीमारी भी थी। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल मानिकपुर खदान से सटे रापाखरा, कुदरी, ढेलवाडीह, दादरमानिकपुर, भिलाई खुर्द, सीतामणी और इमलीडुग्गू सहित कई गांव और बस्तियां स्थित हैं, जहां से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। चोरी किया गया कोयला छोटे ढाबों, होटलों और बस्तियों में बेचे जाने की बात भी सामने आती रही है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

