home page

'सेवा सेतु' शिविर में 98 जनसमस्याओं का हुआ निराकरण, हितग्राहियों को मिली सौगात

 | 
'सेवा सेतु' शिविर में 98 जनसमस्याओं का हुआ निराकरण, हितग्राहियों को मिली सौगात


जगदलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे ग्रामीणों की चौखट तक पहुँचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ग्राम करन्दोला में 'सेवा सेतु' शिविर का आज शनिवार काे आयोजन भानपुरी में किया गया। इस शिविर में प्रशासनिक अमले और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त मौजूदगी के चलते ग्रामीणों का भारी उत्साह देखने को मिला। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 128 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 98 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को त्वरित राहत प्रदान की गई।

आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल ने की। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का मूल ध्येय शासन की विकासोन्मुख योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाना है, जिससे आम जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर स्थल पर जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जीवंत तस्वीर उस वक्त देखने को मिली, जब अतिथियों द्वारा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सामग्रियों और स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 05 हितग्राहियों को उनके पक्के आवास की चाबियां सौंपी गईं, जिससे उनके अपने घर का सपना साकार हुआ। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 04 स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, वहीं महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देते हुए 'स्वयं सिद्धा योजना' के अंतर्गत 04 स्व-सहायता समूहों को आर्थिक संबल हेतु चेक वितरित किए गए। छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बालिकाओं को साइकिलें प्रदान की गईं। स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करते हुए 10 ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, राजस्व अभिलेखों के तहत 04 किसानों को किसान किताब, 02 को पीएम फसल बीमा के दस्तावेज तथा स्वामित्व योजना के तहत 20 हितग्राहियों को उनके अधिकार पत्र सौंपे गए। इसके अलावा नागरिकों की सहूलियत के लिए मौके पर ही 04 जाति प्रमाण पत्र और 06 निवास प्रमाण पत्र भी जारी किए गए। अंत में अधिकारियों को शिविर में शेष बचे आवेदनों का भी समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे