home page

90 युवाओं का प्राथमिक चयन, वडोदरा की कंपनियों में मिलेगा रोजगार का अवसर

 | 
90 युवाओं का प्राथमिक चयन, वडोदरा की कंपनियों में मिलेगा रोजगार का अवसर


धमतरी, 11 जून (हि.स.)। जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज गुरुवार को लाइवलीहुड काॅलेज धमतरी में जिलास्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया। जिसमें चारों विकासखंडों से कुल 303 युवाओं ने भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया।

इस दौरान आयोजित साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद 90 युवाओं को विभिन्न पदों के लिए प्राथमिक रूप से चयनित किया गया। जिला कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित जिलास्तरीय रोजगार मेले में प्लेसमेंट कंपनी यू फस्ट बिजनेस कंसल्टेंसी वडोदरा गुजरात द्वारा युवाओं का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार प्रक्रिया शुरु होने से पहले प्लेसमेंट कंपनी यू फस्ट बिजनेस कंसल्टेंसी के अधिकारियों ने युवाओं को उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी दी।

उन्होंने विभिन्न पदों, कार्य की प्रकृति एवं चयन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने गुजरात के वडोदरा स्थित आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स, कपड़ा, स्टील एवं आयरन उद्योगों में उपलब्ध रोजगार संभावनाओं से भी अभ्यर्थियों को अवगत कराया। साथ ही नियुक्ति की शर्तों एवं कार्यस्थल संबंधी आवश्यक जानकारी साझा की गई।

लाइवलीहुड कालेज धमतरी के सहायक परियोजना अधिकारी संदीप कुमार गोन्नाडे ने बताया कि कंपनी की ओर से विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी कुल 357 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई। प्राथमिक रूप से चयनित अभ्यर्थियों को सुपरवाइजर, असिस्टेंट हेल्पर, सुरक्षा गार्ड, एसी टेक्नीशियन, वेल्डर, फिटर, टर्नर सहित अन्य पदों पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि चयनित युवाओं को गुजरात के वडोदरा स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में नियुक्ति दी जाएगी। इससे युवाओं को देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर मिलेगा। बेरोजगार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा