धमतरी में मिला 86 किलो गौ मांस, हिंदू जागरण मंच ने की कार्रवाई की मांग
पशु चिकित्सा विभाग ने अवैध मांस को जांच के लिए भेजा हैदराबाद
धमतरी , 11 जून (हि.स.)। शहर के एक वार्ड में 86 किलो गौ मांस मिलने और उसे एक व्यक्ति के द्वारा घर के सामने रखकर काटने का आरोप हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने लगाया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। अवैध मांस को पुलिस ने जब्त किया।
इस दौरान हिंदू जागरण मंच ने गौ मांस काटने वाले आरोपित को तत्काल गिरफ्तार करने मांग की है। इधर पशु चिकित्सा विभाग ने मांस की तौलाई कर टुकड़ा को जांच के लिए हैदराबाद भेज दिया गया है। यह मांस, गौ मांस है या अन्य, इसकी पुष्टि तो जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल सिटी पुलिस मांस काटने वाले आरोपित को गिरफ्तार करने जुट गई है।
सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 जून को शहर के साल्हेवारपारा वार्ड के गाड़ापारा में घर के सामने एक व्यक्ति द्वारा अवैध ढंग से गौ मांस को काटने की जानकारी हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस को मिली। मंच के पदाधिकारी व कार्यकर्ता गौ मांस काटने की जानकारी पर वहां तत्काल पहुंचे और देखा तो एक व्यक्ति के द्वारा बस्ती के अंदर गौ मांस काटा जा रहा था, तभी गौ सेवकों को वह व्यक्ति देखकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में मांस को जब्त किया गया।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी व सदस्यों का आरोप है कि धमतरी शहर के साल्हेवारपारा में गौ मांस को काटा जा रहा था। यहां बड़ी मात्रा में पशु मांस पाया गया है। घटना स्थल से कुछ दूरी पर गौ मांस का पैर व खाल भी देखने का आरोप है। इससे गौ मांस होने की पूरी आशंका है। इस घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों और गौ सेवा के चित्रेश साहू, डागेश्वर साहू, अभिषेक साहू, सत्यम सिन्हा, शिवांश पटवा, दादू साहू, मनीष फुटान, सुभाष चंद्राकर विजयंत आदि मौके पर पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी के साथ थाना घेराव करने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है। हिंदू जागरण मंच के चित्रेश साहू ने बताया जब मौके पर वे पहुंचे तो गौ मांस पड़ा हुआ था। पीछे तालाब की ओर हड्डी, खुर और खाल भी पड़ा हुआ मिला। उन्होंने इस मामले में शासन-प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
घटना स्थल पर पहुंचे पशु चिकित्सा विभाग के डा सुरेंद्र मरकाम और डाॅ. मयंक पटेल ने बताया कि पशु मांस की तौलाई की गई। करीब 86 किलो मांस मिला है। मांस के टुकड़े को टेस्ट के लिए हैदराबाद भेजा जाएगा। वहां से रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि हो पाएगी कि यह गाय का मांस है कि किसी और का। फिलहाल पशु का ही मांस है। शेष मांस को पुलिस द्वारा डिस्पोज किया जाएगा। इधर घटना स्थल पर पहुंचे शहर के सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत ने कहा कि मांस काटने वाले व्यक्ति को ढूंढा जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

