home page

ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 75 मॉडिफाइड साइलेंसर पर रोलर चलाकर किया नष्ट

 | 
ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 75 मॉडिफाइड साइलेंसर पर रोलर चलाकर किया नष्ट


कांकेर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बीते एक माह में 75 से अधिक साइलेंसर जब्त किए। आज सोमवार को बाईपास स्थित कोडेजूंगा चौक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू की उपस्थिति में इन साइलेंसरों को रोलर चलाकर क्रशिंग के जरिए नष्ट कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों और यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बड़ी संख्या में मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए थे। कार्रवाई के दौरान एएसपी योगेश साहू ने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ आमजन के लिए परेशानी का कारण बनती है। इसका प्रतिकूल प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों पर भी पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जब्त साइलेंसरों को नष्ट किया गया है। इस दौरान प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

एएसपी योगेश साहू ने बाइक चालकों और युवाओं से अपील की कि वे वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसरों का ही इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर चालानी कार्रवाई के साथ साइलेंसर जब्त करने की कार्रवाई भी जारी रहेगी। कांकेर पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे