home page

महतारी वंदन की राशि से बेहतर पोषण करने वाली 684 माताएं ‘पोषण शक्ति सम्मान’ से सम्मानित

 | 
महतारी वंदन की राशि से बेहतर पोषण करने वाली 684 माताएं ‘पोषण शक्ति सम्मान’ से सम्मानित


जगदलपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर जिले में 17 अक्टूबर तक संचालित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज शुक्रवार काे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले की सभी 9 बाल विकास परियोजनाओं के अधीन आने वाले 314 आंगनबाड़ी केंद्रों में इस विशेष कार्यक्रम की व्यापक गूंज देखने को मिली। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का सदुपयोग अपने और अपने नौनिहालों के बेहतर पोषण पर किया है, ऐसी जागरूक माताओं को मंच पर विशेष रूप से पोषण शक्ति सम्मान से नवाजा गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य और पोषण को लेकर समुदाय में व्यापक जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से गर्भवती माताओं, महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही पोषण थाली और स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों को तैयार करने की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया, जिससे दैनिक आहार में पोषक तत्वों की महत्ता को रेखांकित किया जा सके। आयोजन में सामाजिक समरसता और सहभागिता को बढ़ावा देने सामुदायिक न्योता भोज के साथ-साथ महिलाओं के लिए मेहंदी, रंगोली और बच्चों के लिए स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता जैसी रोचक गतिविधियों का भी संचालन हुआ।

गुरूवार को इस पूरे अभियान में समुदाय की उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज की गई और जिले के 314 आंगनबाड़ी केंद्रों में कुल 4,829 महिलाएं, 4,326 बच्चे, 1,760 पुरुष, 387 अतिथि और 377 वक्ता उपस्थित रहे, जहां जनसमुदाय के बीच विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 684 लोगों को सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे