home page

जांजगीर-चांपा में साप्ताहिक जनदर्शन, 67 आवेदकों ने रखी समस्याएं

 | 
जांजगीर-चांपा में साप्ताहिक जनदर्शन, 67 आवेदकों ने रखी समस्याएं


जांजगीर-चांपा, 29 सितंबर (हि.स.)। जांजगीर-चांपा जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे 67 आवेदकों ने आज अपनी मांगें, शिकायतें और विभिन्न समस्याएं कलेक्टर जन्मेजय महोबे के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में राजस्व, पेंशन, आवास और रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अकलतरा तहसील के ग्राम खोंड़ निवासी जमुना प्रसाद पाण्डेय ने नक्शा बंटाकन कराने, नवागढ़ तहसील के ग्राम कुथुर निवासी बैमन पटले ने माता के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग रखी।

इसी तरह जांजगीर तहसील के ग्राम देवरहा निवासी केरो बाई केंवट ने रिकॉर्ड दुरुस्त कराने, बलौदा तहसील के ग्राम खिसोरा निवासी चतुरसिंह ने रकबा सुधार कराने और चांपा तहसील के ग्राम कोसमंदा निवासी भगतराम राठौर ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने के संबंध में आवेदन दिया।

ग्राम मुड़पार निवासी कृष्णा सबरिया गोड़ ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी।

कलेक्टर महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों और मांगों के निराकरण में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश भी दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT