home page

सुशासन तिहार शिविर में 667 आवेदन पहुंचे, 116 मामलों का मौके पर निराकरण

 | 
सुशासन तिहार शिविर में 667 आवेदन पहुंचे, 116 मामलों का मौके पर निराकरण


तिर्रा, कोलियारी, बरबांधा और हरफर में 26 लाख के शेड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, डूबान क्षेत्र के विकास और आजीविका संवर्धन पर विशेष जोर

धमतरी, 05 जून (हि.स.)। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित सुशासन तिहार के तहत शुक्रवार को विकासखंड धमतरी की ग्राम पंचायत कोड़ेगांव (बी.) में क्लस्टरस्तरीय जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में अकलाडोंगरी, अरौद (डु.), चिखली, तिर्रा, कोड़ेगांव (रै.), मोंगरागहन और कोड़ेगांव (बी.) सहित सात ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना ही सुशासन की वास्तविक पहचान है तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि स्थानीयस्तर पर समस्याओं के समाधान से ग्रामीणों के समय और संसाधनों की बचत हो रही है तथा प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ मिल रहा है तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

मछुआ समुदाय को भी विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निराकरण करना है। उन्होंने बताया कि डूबान क्षेत्र की आजीविका संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए शासन और प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। ग्रामीणों को मत्स्य पालन से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं तथा मछुआ समिति की मांगों के अनुरूप मत्स्य पालन सुविधाओं का विस्तार किया गया है। साथ ही डूबान क्षेत्र में धान उपार्जन केंद्र की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

कलेक्टर ने बताया कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक और कौशल विकास के लिए भी कई पहल की गई हैं। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिसका लाभ डूबान क्षेत्र के विद्यार्थी भी ले सकते हैं। विद्यार्थियों को साइंस पार्क, मधुरिमा, लाइवलीहुड सेंटर और बड़ौदा आरसेटी का भ्रमण कराकर कौशल विकास के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोड़ेगांव (बी.) में बीएसएनएल और जियो मोबाइल टॉवर स्थापना तथा अकलाडोंगरी में कॉलेज और आईटीआई खोलने के प्रस्ताव भी भेजे गए हैं। कार्यक्रम के दौरान तिर्रा, कोलियारी, बरबांधा और हरफर में लगभग 26 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

वहीं हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, मत्स्य पालन एवं पशुपालन ऋण स्वीकृति आदेश, किसान क्रेडिट कार्ड, सुपोषण किट, आयुष्मान कार्ड और निश्शुल्क चश्मों का वितरण किया गया। सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 667 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 641 मांगें और 26 शिकायतें शामिल थीं। इनमें से 116 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पीयूष तिवारी, नोडल अधिकारी आरएन राठौर, जनपद पंचायत धमतरी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वर्षा रानी चिकनजुरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा