home page

जांजगीर-चांपा : ग्राम गोधना में 56 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन, अपराध और नशे के खिलाफ संभालेंगी मोर्चा

 | 
जांजगीर-चांपा : ग्राम गोधना में 56 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन, अपराध और नशे के खिलाफ संभालेंगी मोर्चा


जांजगीर-चांपा : ग्राम गोधना में 56 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन, अपराध और नशे के खिलाफ संभालेंगी मोर्चा


जांजगीर-चांपा, 25 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और सामाजिक सुरक्षा में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोधना में सजग नागरिक, सख्त प्रहरी अभियान के तहत शनिवार को 56 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनजागरूकता से जोड़ते हुए गांवों में सुरक्षित एवं अपराधमुक्त वातावरण तैयार करना है।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय स्वयं ग्राम गोधना पहुंचे और ग्रामीणों के साथ संवाद कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब समाज और पुलिस मिलकर कार्य करेंगे, तभी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

इस दौरान नवगठित महिला कमांडो टीम की सदस्य महिलाओं को टोपी और सीटी वितरित की गई। साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा से जुड़े दायित्वों के बारे में जानकारी देते हुए गांव में होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं से अपील की कि यदि क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब की बिक्री, नशे का कारोबार अथवा अन्य किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस और ग्रामीणों ने गांव में जागरूकता रैली भी निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को कानून का पालन करने, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होने और पुलिस के साथ सहयोग करने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों से अपराध और नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

महिला कमांडो टीम की सदस्याओं ने भी गांव को अपराधमुक्त, नशामुक्त और सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

पुलिस के अनुसार सजग नागरिक, सख्त प्रहरी अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था में भागीदार बनाना, जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य अपराधों पर जनसहयोग से प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास एवं समन्वय को मजबूत करना तथा गांवों में जागरूक और सुरक्षित सामाजिक वातावरण तैयार करना है। इसके साथ ही महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ाकर सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित करना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT