कस्टम मिलिंग में लापरवाही पर प्रशासन की कार्रवाई, राइस मिल से 550 क्विंटल धान जब्त
धमतरी, 27 नवंबर (हि.स.)। शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज पर कार्रवाई, 17 राइस मिलर्स को पहले ही जारी हो चुका है नोटिस; जब्त धान की कीमत करीब 14 लाख रुपये
कस्टम मिलिंग के तहत निर्धारित चावल जमा नहीं करने और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने वाले राइस मिलर्स के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग और मार्कफेड के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गुरुवार को कुरूद स्थित शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज में जांच कर 550 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि संबंधित राइस मिल द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग के तहत तैयार चावल निर्धारित मात्रा में जमा नहीं कराया गया था।
कार्य में लापरवाही और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए धान जब्त किया। खाद्य विभाग के अनुसार कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश-2016 की कंडिका 3/7 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की गई है। जिले में कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं करने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले 17 राइस मिलर्स को भी नोटिस जारी किया जा चुका है। 1.24 लाख किसानों से खरीदा गया 5.96 लाख मीट्रिक टन धान: जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए कुल 1,29,593 किसानों ने पंजीयन कराया था। इनमें 73,987 सीमांत, 53,154 लघु और 2,452 दीर्घ कृषक शामिल थे। पंजीकृत किसानों के पास कुल 1,27,713.74 हेक्टेयर रकबा दर्ज था। इनमें से 1,24,465 किसानों से 5,96,522.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई, जिसकी कुल राशि 1,41,432.62 लाख रुपये रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं करने और निर्धारित प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले मिलर्स के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। धान उपार्जन और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

