अरौद में बिना पंजीयन मिला 55 बोरा धान, प्रशासन ने किया जब्त
दो दिनों में जिले के अलग-अलग स्थानों से 952 बोरा अवैध धान जब्त, बिचौलियों और कोचियों पर प्रशासन की सख्ती
धमतरी, 16 नवंबर (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होते ही अवैध धान के भंडारण,
परिवहन और खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा
दी है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग
की संयुक्त टीमें जिलेभर में लगातार जांच और निगरानी कर रही हैं। इसी कड़ी
में सोमवार को ग्राम अरौद (धमतरी) में बलराम ट्रेडिंग कंपनी का निरीक्षण
किया गया। जांच के दौरान व्यापारी के पास बिना पंजीयन के 55 बोरा धान पाया
गया, जिसे टीम ने नियमानुसार जब्त कर लिया।
उल्लेखनीय है कि 15 एवं 16
नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन के
विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम घुटकेल से 147 बोरा, उमरगांव से 300 बोरा,
ग्राम सांकरा से 150 बोरा, बनरौद नाका से 300 बोरा तथा अरौद से 55 बोरा
धान जब्त किया गया है। इस तरह दो दिनों में कुल 952 बोरा अवैध धान जब्त
किया जा चुका है। प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों, सीमावर्ती मार्गों,
मंडियों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता करने,
अवैध भंडारण करने अथवा दूसरे क्षेत्रों से धान लाकर खपाने का प्रयास करने
वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही किसानों से निर्धारित
प्रक्रिया के तहत अपने पंजीकृत रकबे का धान ही उपार्जन केंद्रों में बेचने
और बिचौलियों से दूर रहने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

