home page

आमदी में हर मंगलवार गूंजती है भक्ति की धुन: पांच वर्षों से निरंतर हो रही महाआरती

 | 
आमदी में हर मंगलवार गूंजती है भक्ति की धुन: पांच वर्षों से निरंतर हो रही महाआरती


धमतरी, 27 अप्रैल (हि.स.)। नगर पंचायत आमदी में पिछले पांच वर्षों से हर मंगलवार की शाम भक्ति और आस्था का संगम देखने को मिलता है। “महा आरती परिवार” के तत्वावधान में नगर के लगभग 12 से 13 हनुमान मंदिरों में नियमित रूप से महा आरती का आयोजन किया जा रहा है, जो अब क्षेत्र की पहचान बन चुका है।

इस पहल का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सुख-समृद्धि की कामना के साथ समाज में जागरूकता फैलाना और संगठन को मजबूत करना भी है। हर सप्ताह आयोजित होने वाली इस महा आरती में नगर के सभी वर्गों के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं, जिससे सामाजिक समरसता और एकता का भाव भी मजबूत हो रहा है।

विशेष बात यह है कि इस आयोजन में छोटे बच्चों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिलती है। आठ से 10 वर्ष की आयु के बच्चे ढोल, डफली और मंजीरा जैसे वाद्य यंत्र बजाते हुए हनुमान चालीसा और आरती प्रस्तुत करते हैं, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो उठता है।इस धार्मिक और सामाजिक पहल को शुरू करने और निरंतर आगे बढ़ाने में मंशा राम साहू, रामानंद कुंभकार, उमानंद कुंभकार, अमित कुमार साहू, कमलेश पटेल, किशोर कुंभकार, मोती साहू, डोमेश्वर साहू, रवि साहू, अजय साहू और जामल सन सहित कई लोगों का विशेष योगदान रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा