home page

बिजली पोल के लिए खोदे गये गड्डे से मिला पांच किलो वजनी कुकर आईईडी

 | 
बिजली पोल के लिए खोदे गये गड्डे से मिला पांच किलो वजनी कुकर आईईडी


नारायणपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले के थाना कोहकामेटा अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र कुतुल क्षेत्र के ग्राम केहनार के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में गुरुवार काे एक बड़ा हादसा टल गया। जब बिजली पोल लगाने के लिए गड्डा खोदने के दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया, 05 किलोग्राम वजनी कुकर आईईडी बरामद हुआ।

आईईडी की सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए इसे माैके पर ही निष्क्रिय कर दिया है। नारायणपुर एसपी संदीप कुमार पटेल ने कुकर आईईडी मिलने की पुष्टि की है।

ग्राम केहनार में आज बिजली पोल लगाने के लिए गड्डा खोदने के दौरान संदिग्ध विस्फोटक मिलने की सूचना पुलिस को दी गई । सूचना मिलते ही जिला पुलिस बल और आईटीबीपी की 41 वीं वाहिनी के बम निरोधक दस्ते को मौके के लिए रवाना किया गया। संयुक्त टीम ने केहनार-कुतुल मार्ग के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिग की। इस दौरान कुतुल कैंप से करीब 07 किलोमीटर दूर फरसबेडा रोड पर 05 किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी बरामद हुआ। इसके बाद आईटीबीपी के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम करते हुए नियंत्रित विस्फोट के जरिए आईईडी को माैके पर ही निष्क्रिय कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे