home page

44 लाख का गांजा जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
44 लाख का गांजा जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार


सूरजपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। सूरजपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आज गुरुवार को 88 किलो 430 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल बोलेरो वाहन भी जब्त किया है और एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 19 अगस्त की रात प्रेमनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 16 सीएन 7570 में अवैध गांजा परसाकेत से बचरापोड़ी, जिला कोरिया की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने रघुनाथपुर चौक के पास नाकाबंदी की। पुलिस ने बोलेरो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को बस्ती की ओर लेकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे ब्रह्मपुर में पकड़ लिया।

पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम उमरे आजम उर्फ नान्हू खान, पिता स्वर्गीय अयुब खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पोड़ी (बचरा), थाना बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया बताया। पूछताछ में उसने बताया कि पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर वह वाहन को अस्पताल परिसर में छिपाकर छोड़ गया था और बाइक से लिफ्ट लेकर भाग रहा था। उसने पुलिस को वाहन में गांजा होने की जानकारी भी दी।

इसके बाद पुलिस आरोपित को लेकर मौके पर पहुंची। उसकी निशानदेही पर बोलेरो वाहन से 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा और परिवहन में इस्तेमाल बोलेरो वाहन जब्त कर आरोपित के खिलाफ धारा 20(बी), (आईआई), (सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।

कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, सुप्रियन टोप्पो, पीएसआई पुलेश्वर ध्रुव, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा, प्रमोद लकड़ा, आरक्षक सत्यम सिंह, हरिशचंद दास, दीपक यादव, बृजेश काशी और संतोष ठाकुर की सक्रिय भूमिका रही।

नशे के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और आमजन के सामूहिक प्रयासों से ही जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय