home page

40 सदस्यीय दल बस्तर एक्सपोजर विजिट के रवाना

 | 
40 सदस्यीय दल बस्तर एक्सपोजर विजिट के रवाना


धमतरी, 30 मार्च (हि.स.)। जिले में पर्यटन क्षेत्रों के विकास को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की विशेष पहल पर युवाओं, स्व-सहायता समूहों और समिति सदस्यों के दल को आज साेमवार काे बस्तर क्षेत्र के लिए रवाना किया गया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने इस दल को कलेक्टोरेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस एक्सपोजर विजिट सह प्रशिक्षण कार्यक्रम के दल में जिले के नरहरा, रूद्री, निरई, मेचका, सिहावा, गंगरेल और जबर्रा की समितियों के लगभग 40 सदस्य शामिल हैं। यह दल 30 मार्च से एक अप्रैल तक बस्तर के विभिन्न क्षेत्र-चित्रकूट जलप्रपात, नारायण पाल मंदिर, चित्रधारा, चिलकुटी मेटल विलेज, तीरथगढ़, कोटमसर गुफा, आदिवासी बाजार, बारसूर, दंतेश्वरी आदि पर्यटर स्थलों में सांस्कृतिक अनुभव, जनजातीय नृत्य और परंपराओं का अध्ययन, कौशल एवं आजीविका प्रशिक्षण, होमस्टे एवं ग्रामीण जीवन का अनुभव तथा स्थानीय बाजार और हस्तशिल्प का अवलोकन कर अजीविका संबंधी जानकारियों से अवगम होगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष सार्वा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं और महिलाओं को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों को समझने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे वे अपने क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए नए आयाम जोड़ सकेंगे।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिला जल्द ही देश के पर्यटन मानचित्र पर उभरने वाला है। उन्होंने प्रतिभागियों से बस्तर के पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई, व्यवस्थाएं, समिति की सक्रियता और पर्यटकों को दी जाने वाली सुविधाओं का गहराई से अध्ययन करने और बारिकी से समझने कहा है।

कलेक्टर ने पर्यटन के प्रचार-प्रसार के लिए इंटरनेट मीडिया के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के साथ सुरक्षित पर्यटन विकसित करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों को भ्रमण से आने के बाद अपने अनुभव भी साझा करने कहा तथा सीखी गई बातों को अपने क्षेत्रों में लागू करने पर बल दिया। इस मौके पर एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभसिंह कोसले, डिप्टी कलेक्टर कल्पना ध्रुव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा