home page

नारायणपुर के स्थानीय युवाओं के लिए निकली बस्तर फाइटर्स के 383 पद

 | 
नारायणपुर के स्थानीय युवाओं के लिए निकली बस्तर फाइटर्स के 383 पद


नारायणपुर , 31 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर फाइटर्स में भर्ती का इंतजार कर रहे नारायणपुर जिले के स्थानीय युवाओं के लिए 383 पदों पर भर्ती निकाली गई है। छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल (बस्तर फाइटर्स) के अंतर्गत होने वाली इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 02 नवंबर से शुरू होगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 12 दिसंबर शाम 05 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। भर्ती के लिए जिला नारायणपुर के स्थानीय निवासी युवाओं को अवसर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग की ओर से 31 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल (बस्तर फाइटर्स), फाइटर आरक्षक सेवा भर्ती नियम, 2026 के अनुसार यह भर्ती की जाएगी। नारायणपुर जिले के लिए कुल 383 रिक्त पद निर्धारित किए गए हैं। इन पदों पर शासन के आरक्षण संबंधी प्रावधानों के अनुसार वर्गवार भर्ती होगी।

शनिवार काे जारी जानकारी के मुताबिक, अनारक्षित वर्ग के लिए 42 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 53 पद, अनुसूचित जाति के लिए 20 पद और अनुसूचित जनजाति के लिए सबसे अधिक 268 पद निर्धारित किए गए हैं। इस तरह अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए सबसे अधिक पद उपलब्ध हैं। स्थानीय युवाओं को सुरक्षा बल में शामिल होकर पुलिस विभाग में सेवा देने का अवसर मिलेगा।

आवेदन प्रारंभ होने की तिथि: 02 नवंबर 2026 आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि: 12 दिसंबर 2026 आवेदन जमा करने का अंतिम समय: शाम 05 बजे तक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन जमा करना होगा। अंतिम तारीख के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों को लेकर भर्ती के दिशा-निर्देशों में दी गई शर्तें लागू होंगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी कार्यालयीन दिवसों में निर्धारित समय के दौरान अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके लिए तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं। पहला, कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला नारायणपुर। दूसरा, कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), छोटेडोंगर और तीसरा, कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), बेनूर। इसके अलावा अभ्यर्थियों को पंजीकृत भारतीय डाक के माध्यम से आवेदन भेजने की सुविधा भी दी गई है। इसके लिए आवेदन पत्र कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला नारायणपुर, छत्तीसगढ़, पिन कोड 494661 के पते पर भेजना होगा।

भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक योग्यता परीक्षा, लिखित परीक्षा और चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थी यह जानकारी जिले के सभी थाना एवं चौकी, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर देख सकते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट cgpolice.gov.in और नारायणपुर पुलिस की वेबसाइट narayanpur.cgpolice.gov.in से भर्ती संबंधी दिशा-निर्देश और निर्धारित आवेदन पत्र का प्रारूप प्राप्त किया जा सकता है।

नारायणपुर पुलिस ने जिले के पात्र युवाओं से भर्ती के लिए आवेदन करने की अपील की है। पुलिस ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों, पात्रता शर्तों और परीक्षा के मापदंडों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। भर्ती प्रक्रिया में शासन के निर्धारित आरक्षण नियम और दिशा-निर्देश लागू होंगे। साथ ही रिक्त पदों की संख्या और वेतनमान में शासन तथा पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के निर्देशानुसार बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञप्ति का अवलोकन करना जरूरी होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे