home page

परसट्ठी समाधान शिविर में 370 आवेदनों का मौके पर निराकरण

 | 
परसट्ठी समाधान शिविर में 370 आवेदनों का मौके पर निराकरण


धमतरी, 04 जून (हि.स.)। सुशासन तिहार 2026 के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड मगरलोड के ग्राम पंचायत परसट्ठी में गुरुवार काे क्लस्टर स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में परसट्ठी, नवागांव, चंदना, चन्द्रसुर, बुड़ेनी, भेण्डरी, परेवाडीह, मोहरेंगा, कुण्डेल एवं धौराभाठा (कु.) सहित 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने मौके पर ही 370 प्रकरणों का समाधान कर हितग्राहियों को राहत पहुंचाई। परसट्ठी क्लस्टर में कुल 642 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 608 मांग एवं 34 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। इनमें से 368 मांग और 2 शिकायतों सहित कुल 370 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों पर संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई की जा रही है।

समाधान शिविर केवल शिकायत निवारण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी बना। विभागीय स्टॉलों के जरिए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की स्वीकृतियां, प्रमाण पत्र एवं आवश्यक सामग्री वितरित की गई। जनपद पंचायत मगरलोड द्वारा तीन हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड प्रदान किए गए, समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए, वहीं श्रम विभाग ने श्रमिकों को श्रम कार्ड वितरित कर उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर स्थल पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर 58 ग्रामीणों का सिकल सेल, रक्तचाप, मधुमेह, सर्दी-बुखार एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही पात्र वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड भी प्रदान किए गए।

परिवहन विभाग द्वारा 12 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए तथा पांच हितग्राहियों को मौके पर ही लाइसेंस वितरित किए गए। इस दौरान जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू, कृषि सभापति राजेश कुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य मीना डेमू साहू सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा