home page

जगदलपुर के व्याख्याता भर्ती परीक्षा में 3,426 अभ्यर्थी हुए शामिल

 | 
जगदलपुर के व्याख्याता भर्ती परीक्षा में 3,426 अभ्यर्थी हुए शामिल


जगदलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत व्याख्याता के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए रविवार को लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

बस्तर जिले के जगदलपुर शहर और आस-पास के क्षेत्रों में बनाए गए कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में पंजीकृत 3,771 अभ्यर्थियों में से 3,426 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 345 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चली इस परीक्षा में हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषयों के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।

कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में उक्त परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। निर्धारित समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थियों की मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच व फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया गया और परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले यानी सुबह 9:30 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए।

ड्रेस कोड के तहत हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आए अभ्यर्थियों को ही भीतर जाने की अनुमति मिली, जबकि आभूषण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, जूते-मोजे और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बाहर ही रखवा लिए गए। सुबह 9:43 बजे तक सभी केंद्रों के कक्षों में परीक्षार्थियों के बैठने, प्रश्नपत्र-पुस्तिका वितरण और वीक्षकों द्वारा पहचान पत्र व प्रवेश पत्र सत्यापन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की गई। संपूर्ण परीक्षा व्यवस्था को सफल बनाने में नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल, समन्वयक प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव और सहायक समन्वयक डॉ. अजय सिंह ठाकुर की सक्रिय निगरानी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे