स्टॉक पंजी नहीं दिखाने पर एके राइस इंडस्ट्रीज की दोनों इकाइयों से 32,878 क्विंटल धान जब्त
भोयना स्थित दोनों राइस मिलों में 1,425 क्विंटल चावल भी मिला, राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
धमतरी, 16 नवंबर (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर धान खरीद के दौरान अवैध भंडारण और अनियमितताओं
पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने राइस मिलों की जांच तेज कर दी है।
इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर सोमवार को राजस्व, खाद्य
एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम भोयना स्थित एके राइस
इंडस्ट्रीज और ए.के. राइस इंडस्ट्रीज यूनिट-2 का निरीक्षण किया। इस दौरान
दोनों इकाइयों में भंडारित खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी डॉ. कल्पना ध्रुव ने बताया कि जांच के दौरान फर्म के
संचालक अकील अहमद खान मौके पर अनुपस्थित मिले। वहीं, उपस्थित मुंशी सोहेल
रजा जांच दल के समक्ष धान एवं चावल से संबंधित स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं कर
सके। स्टॉक पंजी उपलब्ध नहीं कराने पर अधिकारियों ने दोनों राइस मिलों में
भंडारित खाद्यान्न का नियमानुसार सत्यापन किया। जांच में कुल 32,878
क्विंटल धान (80 हजार कट्टा) और 1,425 क्विंटल चावल पाया गया।
टीम ने
संपूर्ण खाद्यान्न जब्त कर मौके पर उपस्थित मुंशी सोहेल रजा की सुपुर्दगी
में दे दिया। उल्लेखनीय है कि दोनों फर्मों द्वारा वर्तमान में कस्टम
मिलिंग के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 का चावल जमा करने का कार्य किया जा
रहा है। जांच के दौरान स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं किए जाने को गंभीरता से
लेते हुए कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 के प्रावधानों के तहत
कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान
उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा भंडारण एवं कस्टम मिलिंग से
जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिले में लगातार निरीक्षण और
कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

