home page

धमतरी शहर में चार महीने में 25 मोटर पंप खराब, 40 से अधिक बोर सूखे

 | 
धमतरी शहर में चार महीने में 25 मोटर पंप खराब, 40 से अधिक बोर सूखे


धमतरी, 27 मई (हि.स.)।भीषण गर्मी और लगातार गिरते भूजल स्तर ने धमतरी शहर की जलापूर्ति व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर में हालात ऐसे हैं कि पिछले चार महीनों में 25 मोटर पंप खराब हो चुके हैं और 40 से अधिक बोर सूख गए हैं। कई वार्डों में पानी का संकट इतना गहरा गया है कि लोग टैंकरों के भरोसे जीवन जीने को मजबूर हैं। वहीं गोकुलपुर सहित अन्य वार्डों में नगर निगम की कोशिशों के बावजूद बोर में 30 से 40 फीट अतिरिक्त पाइप बढ़ाने के बाद भी पानी नहीं निकल पा रहा है जिससे जल संकट और गंभीर होता जा रहा है।

नगर निगम क्षेत्र के हटकेशर वार्ड, लालबगीचा वार्ड, महात्मा गांधी वार्ड, बांसपारा वार्ड, ब्राह्मणपारा वार्ड, सुभाष नगर वार्ड, गोकुलपुर वार्ड, कोष्टापारा वार्ड, जोधापुर वार्ड, पोस्ट आफिस वार्ड सहित अन्य वार्डों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। सुबह और शाम पानी के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है।

नगर निगम के जल विभाग से मिली जानकारी अनुसार भूजल स्तर में लगातार गिरावट के कारण शहर के कई हैंडपंप और बोर काम करना बंद कर चुके हैं। पिछले चार महीनों में 25 मोटर पंप खराब हो चुके हैं। शहर के कुल 186 बोर में से 40 से अधिक बोर जल स्तर गिरने के कारण सूख चुके हैं। 96 हैंडपंपों में से लगभग 20 हैंडपंप भी बंद हो चुके हैं इससे पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।

जल विभाग नगर निगम धमतरी के सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा कि फरवरी से अब तक 25 मोटर पंप जलकर खराब हो चुके हैं। निगम के स्टाक में रखे गए सभी 25 मोटर पंप भी बदले जा चुके हैं। टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। गोकुलपुर और कोष्टापारा वार्ड के कई बोर सूख चुके हैं। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण खराब मोटरों की मरम्मत में समय लग रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा