home page

हड़ताल का 22वां दिन : पटवारियों ने नोटिस की प्रतियां जलाकर जताया विरोध

 | 
हड़ताल का 22वां दिन : पटवारियों ने नोटिस की प्रतियां जलाकर जताया विरोध


धमतरी, 03 नवंबर (हि.स.)।अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे राजस्व पटवारियों का आंदोलन मंगलवार को 22वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान पटवारियों ने प्रशासन की ओर से जारी नोटिस की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। पटवारियों का कहना है कि शासन-प्रशासन की ओर से दबाव बनाने के बावजूद वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे। जिले के पटवारियों ने गांधी मैदान मंच से जमकर शासन विरोधी नारे लगाए।

गौरतलब है कि पीवी एप में विसंगतियों को दूर करने, पदोन्नति, विभिन्न जिलों में पटवारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई, वेतन विसंगति सहित अन्य मांगों को लेकर जिले के पटवारी 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते किसान पंजीयन, बटांकन, सीमांकन, बंटवारा, नामांतरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

इधर, प्रशासन ने भी आंदोलनरत पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को धमतरी तहसील के पटवारियों को 48 घंटे के भीतर काम पर लौटने का नोटिस जारी किया गया। इसके विरोध में पटवारियों ने नोटिस की प्रतियां जलाकर अपना आक्रोश जाहिर किया। जिला अध्यक्ष वासुदेव भोई ने कहा कि शासन-प्रशासन कितना भी दबाव बना ले, पटवारी अपनी जायज मांगों को लेकर अडिग रहेंगे और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।

प्रदर्शन में प्रवीण टिकरिहा, विकास साहू, प्रकाश साहू, दीपक नेताम, मुकेश ध्रुव, बोधनारायण साहू, हिरेन्द्र सिन्हा, प्रेमलाल साहू, विमला साहू, बबीता साहू, लक्ष्मी ध्रुव, दीपमाला पटवा, ममता सिन्हा, डामेश्वरी देवांगन, पूजा तिवारी, मुकेश्वरी साहू, कुसुमलता रामटेके, प्रतिभा तेलाम, भावना घोरपड़े सहित अन्य पटवारी शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा