कोंडागांव डीएनके कॉलोनी में घर से 20 चौखट लकड़ी जब्त
कोंडागांव, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में वन संपदा के संरक्षण और अवैध लकड़ी के भंडारण पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने शुक्रवार काे कार्रवाई करते हुए साल प्रजाति की 20 चौखट लकड़ी जब्त की है। टीम ने कोंडागांव की डीएनके कॉलोनी में मंगलू के घर दबिश देकर लकड़ी बरामद की।
मामले में वन विभाग ने पीओआर क्रमांक 13454/13, 09 अक्टूबर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दक्षिण वनमंडल कोंडागांव के वनमंडलाधिकारी चूड़ामणि सिंह ने कहा कि वन संबंधी अपराधों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। जंगलों में अवैध कटाई रोकने के लिए निगरानी और जांच की प्रक्रिया लगातार चल रही है।
वनमंडलाधिकारी कोंडागांव के निर्देश और संयुक्त वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में सहायक वन संरक्षक प्रतीक वर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान घर में रखी साल प्रजाति की 20 चौखट लकड़ी जब्त की गई। विभाग मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रहा है। वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करें। विभाग के अनुसार, अवैध लकड़ी की खरीद-बिक्री या भंडारण की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देकर वन संपदा और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में योगदान दिया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

