home page

निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता में 170 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

 | 
निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता में 170 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा


नारायणपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में नारायणपुर पुलिस द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन आज शनिवार काे किया गया। कार्यक्रम में जिले के कक्षा 6वीं से 12वीं तक के करीब 170 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

डीआरजी ट्रेनिंग एरिना, नारायणपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत की भावना से परिचित कराना था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, चित्रकला और वाद-विवाद के माध्यम से अपने विचारों और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजित इस प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे- चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम संस्कार गुप्ता, स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल, द्वितीय कृतज्ञा निषाद, शासकीय अपर प्राइमरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, तृतीय डिम्पल नाग, स्वामी आत्मानंद स्कूल। निबंध प्रतियोगिता में- प्रथम अमित कुमार वड्डे, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वितीय संतलाल पोटाई, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला तृतीय फरहत परवीन, शासकीय बॉयज अपर प्राइमरी स्कूल। वाद-विवाद प्रतियोगिता में-प्रथम शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, द्वितीय स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश स्कूल सिंगोड़ीतरई, तृतीय स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश स्कूल, महावीर चौक काे नारायणपुर एसपी संदीप कुमार पटेल ने विजेता प्रतिभागियों को शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने और राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। गौरतलब है कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर नारायणपुर पुलिस द्वारा 31 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, एकता, अखंडता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे