home page

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से कैंसर पीड़ित राजेन्द्र का 15 लाख का इलाज हुआ निःशुल्क

 | 
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से कैंसर पीड़ित राजेन्द्र का 15 लाख का इलाज हुआ निःशुल्क


बलरामपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। विकासखंड बलरामपुर के ग्राम पंचायत पस्ता निवासी 63 वर्षीय राजेन्द्र प्रसाद के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना मुश्किल समय में मददगार साबित हुई। मल्टीपल मायलोमा (कैंसर) की पुष्टि होने के बाद रायपुर के बालको हॉस्पिटल में उनका उपचार कराया गया। उपचार पर करीब 15 लाख रुपये का खर्च आया, जिसकी पूरी राशि योजना के तहत वहन की गई। परिवार को इलाज के लिए अपनी ओर से कोई राशि खर्च नहीं करनी पड़ी।

राजेन्द्र प्रसाद खेती-किसानी से परिवार का जीवनयापन करते हैं। फरवरी 2026 में उन्हें अचानक कमर में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उन्हें अम्बिकापुर के एक अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया, लेकिन उनकी तकलीफ कम नहीं हुई। स्वास्थ्य स्थिति में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें रायपुर के बालको हॉस्पिटल ले गए।

वहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मल्टीपल मायलोमा नामक कैंसर होने की पुष्टि की। बीमारी के उपचार में होने वाले खर्च की जानकारी मिलने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए इलाज को लेकर चिंता बढ़ गई। इसी दौरान परिवार को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के बारे में जानकारी मिली। योजना के तहत चिन्हित दुर्लभ बीमारियों के उपचार के लिए पात्र परिवारों को 25 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है।

योजना के माध्यम से उपचार की स्वीकृति मिलने के बाद राजेन्द्र प्रसाद का बालको हॉस्पिटल रायपुर में उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार पूरा हुआ और स्वास्थ्य लाभ मिलने के बाद वे अपने गांव पस्ता लौट आए हैं। उपचार पर 15 लाख रुपये खर्च हुए, जिसे योजना के तहत वहन किया गया।

राजेन्द्र प्रसाद ने योजना के लिए आभार जताते हुए कहा कि बीमारी के दौरान परिवार आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था। ऐसे समय में योजना के माध्यम से इलाज की सुविधा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली। उन्होंने कहा कि इलाज का खर्च वहन करना उनके परिवार के लिए संभव नहीं था और योजना ने उन्हें कर्ज के बोझ से बचाया।

जिला प्रशासन ने आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र परिवारों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना सहित शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय