home page

मास्टर वर्ग में कमला-संजीदा ने पावर लिफ्टिंग में दिखाया दम

 | 
मास्टर वर्ग में कमला-संजीदा ने पावर लिफ्टिंग में दिखाया दम


मास्टर वर्ग में कमला-संजीदा ने पावर लिफ्टिंग में दिखाया दम


धमतरी , 02 अगस्त (हि.स.) 12 वीं छत्तीसगढ़ राज्य पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के अंतिम दिन रविवार को मास्टर वर्ग की स्पर्धा में मनेंद्रगढ़ की 72 वर्षीय कमला देवी मंगतानी और चिरमिरी की 57 वर्षीय संजीदा खातून आकर्षण का केंद्र रहीं। दोनों वरिष्ठ महिला खिलाड़ियों ने बारबेल पर दमखम का प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि खेल के लिए उम्र नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति जरूरी होती है।

प्रतियोगिता के दौरान दोनों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और नियमित योग व व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं से पावर लिफ्टिंग जैसे खेलों में आगे आकर अपनी प्रतिभा साबित करने का आह्वान किया। पावर लिफ्टिंग संघ धमतरी के तत्वावधान में अग्रसेन भवन सिहावा चौक में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के समापन दिवस पर विभिन्न भार वर्गों की स्पर्धाएं हुई। प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने स्क्वाट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।

मनेंद्रगढ़ की कमला देवी मंगतानी ने कहा कि 65 वर्ष की उम्र में उन्होंने पावर लिफ्टिंग शुरू की थी। नियमित अभ्यास ने उन्हें नई पहचान और स्वस्थ जीवन दिया। उन्होंने कहा कि यदि दृढ़ संकल्प हो तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती। वहीं चिरमिरी की संजीदा खातून ने कहा कि खेल ने उनके जीवन को नई दिशा दी। उन्होंने महिलाओं से घर की जिम्मेदारियों के साथ अपनी फिटनेस और खेल पर भी ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पावर लिफ्टिंग आत्मविश्वास बढ़ाने वाला खेल है। बड़ी संख्या में मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उनके अनुभवों को प्रेरणादायी बताया। आयोजकों ने भी कहा कि ऐसे खिलाड़ी नई पीढ़ी के लिए मिसाल हैं और खेल के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान आयोजन समिति के संरक्षक डा. विकास अग्रवाल, अध्यक्ष लोकेश पवार, सचिव देवेंद्र यादव, भारत पावर लिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष सत्यप्रकाश मसीह, महासचिव तेजा सिंह साहू, कोषाध्यक्ष हरिनाथ, टिक्की निर्मलकर सहित अन्य पदाधिकारी, कोच, खेल प्रेमी एवं पावर लिफ्टिंग खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इंडियन पावरलिफ्टिंग फेडरेशन द्वारा नौ से 11 सितंबर तक नई दिल्ली के दिल्ली हाट पीतमपुरा में राष्ट्रीय स्तर की पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसमें सब जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर समूह के महिला एवं पुरुष वर्ग के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी भाग लेंगे।

विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने जीते खिताब, विधायक ने बढ़ाया उत्साह

शनिवार को आयोजित पावरलिफ्टिंग स्पर्धा के 59 किलोग्राम वर्ग में कोरबा के तुषार कुमार गायकवाड़ 175 किलोग्राम, बिलासपुर के अभिषेक बेन गोस्वामी 450 व 125 किलोग्राम, राजनांदगांव के जितेश साहू 490 किलोग्राम और दल्लीराजहरा के नितेश्वर कुमार 402 किलोग्राम ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।इस दौरान धमतरी विधायक ओंकार साहू प्रतियोगिता स्थल पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि धमतरी में राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। खेल केवल शारीरिक क्षमता का नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष का भी प्रतीक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। विधायक ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान विधायक सहित उपस्थित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर आगामी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा