भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में जिले के 450 स्कूलों के 11,731 विद्यार्थी शामिल
धमतरी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में शनिवार को भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन हुआ। इस परीक्षा में धमतरी जिले के 450 विद्यालयों के 11,731 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए देश के लिए श्रेष्ठ, कुशल और संस्कारवान नागरिक तैयार करना है।
जिला समन्वयक दिलीप नाग ने बताया कि परीक्षा विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं चारित्रिक विकास में सहायक है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अध्यात्म, विज्ञान, धर्म और दर्शन जैसे विषयों की जानकारी प्राप्त होती है तथा उनमें जीवन-मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होती है। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के जिला संयोजक प्रदीप देवांगन, कोषाध्यक्ष मोहन गंजीर और सचिव एलके यादव ने बताया कि इस वर्ष धमतरी ब्लाक से 3,072, कुरुद से 2,108, मगरलोड से 2,005, नगरी से 2,645 और भखारा ब्लाक से 1,901 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए ब्लाक, जिला और राज्य स्तर पर नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।
परीक्षा अभियान को सफल बनाने में जिलेभर के प्राचार्यों, प्रधान पाठकों तथा प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग रहा। आयोजन में पांचों ब्लॉकों के वरिष्ठ गायत्री परिजनों एवं प्रभारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें दिलीप नाग, खिलेश्वरी किरण, उगेश बंसोर, मैकूराम निषाद, धनवंतरी नाग, डॉ. रामचंद्र मेश्राम, राजकुमार साहू, संदीप देशमुख, शेखन साहू, हरीश सिन्हा, माखनलाल साहू, साधना देवांगन, बंशीलाल यदु, कार्तिक राम साहू, टीकाराम साहू, मोहन साहू, नेमसिंह सिन्हा, कमल साहू, केवल राम साहू, फनेन्द्र जगत, सुरेश साहू, रमेश सार्वा और रामकुमार सामरथ सहित अन्य परिजन शामिल रहे। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में संस्कृति और संस्कारों की समझ विकसित करने के साथ उन्हें अपने जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

